राष्ट्र आज मना रहा है 70वां गणतंत्र दिवस
आज राष्ट्र मना रहा है 70वां गणतंत्र दिवस । गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति ने कहा, भारत में मौजूद बहुलतावाद ही है उसकी ताकत । राष्ट्रपति ने विविधता, लोकतंत्र और विकास को बताया भारतीय मॉडल का आधार ।
संपूर्ण राष्ट्र आज अपना 70 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है । इस खास मौके पर मुख्य समारोह राष्ट्रीय राजधानी में राजपथ पर आयोजित किया जाएगा जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद परेड की सलामी लेंगे । दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि होंगे । गणतंत्र दिवस परेड में 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा छह केंद्रीय मंत्रालयों की झांकियां पेश की जाएंगी । इन मंत्रालयों की झांकियों में स्वच्छ भारत अभियान, सौभाग्य योजना और किसान गांधी झांकियां शामिल होंगी। दिल्ली के राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड आज विजय चौक से शुरू होकर राजपथ इंडिया गेट, तिलक मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग से होकर लाल किले पहुंचेगी। इसको देखते हुए परेड मार्गों पर सुबह यातायात पुलिस ने व्यापक प्रबंध किये हैं । गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र राजधानी दिल्ली समेत देश भर में सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम किए गए हैं।