कृषि महाविद्यालय कुनपा, महासमुंद में मनाया गया कारगिल विजय दिवस, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांपा, महासमुंद में कारगिल विजय दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर ने की। इस अवसर पर NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मला भारती पटेल सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और शहीद जवानों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि, "कारगिल विजय भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान की अमर गाथा है। 26 जुलाई 1999 को हमारे वीर जवानों ने दुर्गम पहाड़ियों पर विजय प्राप्त कर तिरंगा फहराया था। आज का युवा उस बलिदान को कभी न भूले।"
NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मला भारती पटेल ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी हमें राष्ट्र प्रथम की भावना सिखाती है।
कार्यक्रम में छात्रों द्वारा देशभक्ति भाषण एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। छात्रों ने "ऐ मेरे वतन के लोगों", "संदेसे आते हैं" जैसे गीत गाकर पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। NSS स्वयंसेवकों ने शहीदों के जीवन पर आधारित प्रेरक भाषण दिए।
अंत में सभी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने का संकल्प लिया और अमर शहीदों को नमन किया।