क्राइम मीटिंग में एएसपी अनिल सोनी के सख्त निर्देश, लंबित मामलों के जल्द निराकरण पर जोर
रायगढ़ : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना और चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जुलाई माह की पुलिस कार्रवाई, लंबित अपराधों, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की गई।
60 दिनों के भीतर सामान्य मामलों के निराकरण के निर्देश
बैठक में एएसपी अनिल सोनी ने लंबित गंभीर अपराधों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामान्य मामलों को अपराध दर्ज होने के 60 दिनों के भीतर निकालने और CCTNS में निराकरण की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा। इसके साथ ही लंबित मर्ग और शिकायतों का भी तय समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अवैध गतिविधियों और संदिग्धों पर सख्ती
बैठक में अवैध प्रवासियों की बारीकी से जांच पर विशेष जोर दिया गया। होटल संचालकों और मकान मालिकों को अपने यहां ठहरने वाले व्यक्तियों तथा किरायेदारों की जानकारी ‘समाधान ऐप’ पर दर्ज कराने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
एएसपी ने जुआ-सट्टा, अवैध शराब और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के साथ पुलिस का सूचना तंत्र मजबूत करने को कहा। संदिग्ध और आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बढ़ाने तथा धारा 129 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अपराध की पुनरावृत्ति पर रोक लगाई जा सके।
महिला और बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई पर जोर
महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के कार्यों की समीक्षा की गई और उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से अपराध विवेचना की बारीकियां सीखने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लंबित मामलों के समयबद्ध निराकरण और आम जनता से जुड़े मामलों में तत्परता बरतने के निर्देश दिए गए।