60 लाख की लागत से बनी बाउंड्रीवॉल में दरार, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
मैनपाट : सरगुजा जिले के मैनपाट कमलेश्वरपुर स्थित आदर्श एकलव्य आवासीय विद्यालय की बाउंड्रीवॉल निर्माण के कुछ समय बाद ही जर्जर होने लगी है। करीब 60 लाख रुपये की लागत से बनी बाउंड्रीवॉल में जगह-जगह दरारें और कुछ हिस्सों के कमजोर होकर गिरने की स्थिति सामने आई है। इसके बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए लाखों रुपये खर्च कर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया गया था। लेकिन निर्माण के कुछ समय बाद ही दीवार में दरारें दिखाई देने लगीं। कुछ हिस्से इतने कमजोर बताए जा रहे हैं कि उनके गिरने का खतरा बना हुआ है।
लोगों का सवाल है कि निर्माण के दौरान निर्धारित मापदंडों और गुणवत्ता का कितना पालन किया गया। स्थानीय लोगों ने बाउंड्रीवॉल में इस्तेमाल सामग्री, नींव की मजबूती और निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
वहीं लोगों ने मामले में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से भी संज्ञान लेने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक लगातार गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्यों के खिलाफ कार्रवाई की बात करते रहे हैं। ऐसे में उनके क्षेत्र में सामने आए इस मामले में उनकी प्रतिक्रिया भी अहम मानी जा रही है।
हालांकि बाउंड्रीवॉल के निर्माण में अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता की जांच कब कराता है और जांच में खामियां मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।