वे आग लगाते हैं , हम बुुझाते हैं : राहुल
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश में 'आग लगाने ' और लोगों को बांटने का आरोप लगाते हुए आज युवाओं से देश में भाईचारे और प्रेम का माहौल बनाने के लिए कांग्रेस से जुड़ने का आह्वान किया । राहुल गांधी ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की बागडोर संभालने के बाद अध्यक्ष के तौर पर अपने पहले संबोधन में कहा कि वह युवा और बुजुर्गाें के समन्वय से देश की इस सबसे पुरानी पार्टी को चलायेंगे । उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वह पूरे देश में आग लगाने की कोशिश कर रही है और लोगों को बांटने में लगी है । मुख्यालय के बाहर उनके अध्यक्ष बनने की खुशी में छोड़े जा रहे पटाखों की ओर इशारा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि एक बार जब आग लग जाती है ताे उसे बुझाना मुश्किल होता है । हम भाजपा के लोगों को यही समझाने की कोशिश कर रहे हैं 1 'देश में लगी आग को सिर्फ कांग्रेस की बुझा सकती है । पटाखों का शोर इतना अधिक था इससे पूर्व पार्टी की निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना भाषण रोकना पड़ा और पटाखे बंद करने के लिए कहना पड़ा । इसके बावजूद बीच -बीच में पटाखे फूटते रहे । भाजपा और कांग्रेस में फर्क बताते हुए उन्होंने कहा ,'वे आग लगाते हैं । हम बुझाते हैं ,वो तोड़ते हैं , हम जोड़ते हैं । वे गुस्सा करते हैं , हम प्यार करते हैं । वे बदनाम करते हैं हम सम्मान के साथ अपना बचाव करते हैं । हम घृणा के बदले घृणा नहीं करते । हम क्रोध और गुस्से की उनकी राजनीति से प्यार से लड़ेगें और उन्हें हरायेंगे ।' राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा कांग्रेस मुक्त भारत बनाना चाहती जबकि हम सभी के समावेश से चलना चाहते हैं। भाजपा से हमारी विचारधारा भले ही न मिलती हो लेकिन हम उसके लोगों को भी साथ लेकर देश को आगे बढ़ाना चाहते हैं ।