भारतीय सेना की बड़ी जवाबी कार्रवाई, LoC पार कर 3 PAK जवानों को किया ढेर
पाकिस्तान की कायराना हरकत का भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया है. भारतीय सेना ने 48 घंटों के भीतर अपने चार सैनिकों की शहादत का बदला पाकिस्तान से ले लिया. सोमवार रात भारत ने पुंछ के पास रावलकोट सेक्टर में जवाबी फायरिंग में तीन पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया.
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक फायरिंग में एक पाकिस्तानी सैनिक घायल भी हुआ है. इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने एलओसी को पार किया, बॉर्डर के उस पार गए और तीन पाकिस्तान सेना के जवानों को मौत के घाट उतार दिया. सेना ने एलओसी पार जाकर आईडी प्लांट किए, इस दौरान तीन पाकिस्तानी सैनिकों के साथ क्रॉस फायरिंग हुई.
गौरतलब है कि शनिवार को राजोरी के केरी इलाके से सटे नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तानी सेना ने सीजफायर तोड़ते हुए भारतीय सैनिकों पर फायरिंग की थी.
भारत के चार जवानों को मारा था
पाकिस्तान की ओर से की गई इस नापाक गोलीबारी में भारतीय सेना के एक मेजर और तीन जवान शहीद हो गए थे. शहीद होने वाले सभी सैन्यकर्मी 120 इन्फैंट्री ब्रिगेड बटालियन से आते थे. शहीद हुए सैन्यकर्मियों की पहचान मेजर मोहरकर प्रफुल्ला अम्बादास, लांस नायक गुरमैल सिंह और सिपाही परगट सिंह के रूप में हुई. हाल के दिनों में पाकिस्तान की ओर से सीजफायर तोड़ने की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है.