पद्मावत के विरोध में हिंसा: अहमदाबाद के मॉल में तोड़फोड़ और ... - CG Sandesh

पद्मावत के विरोध में हिंसा: अहमदाबाद के मॉल में तोड़फोड़ और 40 गाड़ियों में लगाई आग, गुड़गांव में धारा 144 लागू


संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ के खिलाफ देशभर में करणी सेना और राजपूत संगठनों का विरोध-प्रदर्शन जारी है। अहमदाबाद में मंगलवार रात कुछ लोगों ने एक मॉल में तोड़फोड़ की। यहां खड़ी कई गाड़ियों को आग के हवाले भी कर दिया।

सुप्रीम कोर्ट और सेंसर बोर्ड पहले ही फिल्म को हरी झंडी दे चुका है। कोर्ट ने फैसले पर दोबारा विचार करने वालीं मध्य प्रदेश और राजस्थान सरकार की याचिका को भी खारिज कर दिया। विरोध के चलते गुजरात के बाद बिहार के ज्यादातर थियेटर मालिकों ने फिल्म नहीं दिखाने का फैसला लिया है। वहीं, करणी सेना का दावा है कि ‘पद्मावत’ की रिलीज के खिलाफ राजपूत समाज की 1908 महिलाएं चित्तौड़गढ़ में जौहर करने के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं।

गुजरात में आगजनी-तोड़फोड़

अहमदाबाद में एक मॉल में मंगलवार रात पद्मावत के विरोध में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की। यहां खड़ी कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। न्यूज बेवसाइट्स ने मॉल के मैनेजर राकेश मेहता के हवासे कहा है कि उन्होंने फिल्म नहीं दिखाने की बात कहते हुए पहले ही पोस्टर हटा लिए थे, फिर भी प्रदर्शनकारियों ने हमला किया।

गुजरात के डीजीपी प्रमोद कुमार का कहना है कि पद्मावत की रिलीज को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा चौकस कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों से छिटपुट प्रदर्शन किए जा रहे हैं। लोगों ने टायर जलाकर रोड ब्लॉक किए हैं। 8 बसों को आग लगाई गई। पीएसआई की 241 और आरएएफ की 8 कंपनियां तैनात की गई हैं।

फिल्म का विरोध कर रहे कुछ लोगों ने सोमवार को मेहसाणा में बसों को आग के हवाले कर दिया था। उत्तरी गुजरात के कुछ हिस्सों में शनिवार को भी बसों पर हमले किए गए थे। जिसके बाद गुजरात रोडवेज ने गांधीनगर, मेहसाणा और बनासकांठा में बस सर्विस को कुछ वक्त के लिए रोक दिया था।

पद्मावत के रिलीज से पहले गुड़गांव में धारा 144 लागू
पद्मावत के 25 जनवरी को रिलीज से पहले राजपूत करणी सेना की धमकी के मद्देनजर गुड़गांव में रविवार तक धारा 144 लगा दी गयी है. करणी सेना ने फिल्म की स्क्रीनिंग कर रहे सिनेमाघरों को निशाना बनाने की धमकी दी है. गुड़गांव में 40 से ज्यादा सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स हैं. हरियाणा सरकार ने हालांकि कहा कि वह फिल्म के प्रदर्शन को लेकर उच्चतम न्यायालय के आदेश को लागू करेगी. गुड़गांव में डिप्टी कमिश्नर विनय प्रताप सिंह ने कहा, ‘‘कानून व्यवस्था में गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर धारा 144 लगाई है।’’ 25 जनवरी को फिल्म पद्मावत रिलीज हो रही है.

कानपुर के मल्‍टीप्‍लेक्‍स में फिल्‍म के पोस्‍टर फाड़े
कानपुर में काकादेव के सर्वोदय नगर इलाके में स्थित एक मॉल मल्टीप्लेक्स में करणी सेना के करीब एक दर्जन सदस्यों ने संजय लीला भंसाली की 25 जनवरी को रिलीज होने वाली फिल्म पद्मावत के खिलाफ प्रदर्शन किया. काकादेव के थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि करणी सेना के सदस्यों ने फिल्म के पोस्टर फाड़ दिये, शीशे तोड़े और वहां मल्टीप्लेक्स के कर्मचारियों के साथ अभद्रता की. प्रदर्शनकारी भंसाली के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और फिल्म पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने धमकी दी कि करणी सेना शहर में फिल्म का प्रदर्शन किसी भी हालत में नहीं होने देगी।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें