दिल्ली में आसियान नेताओं का जोरदार स्वागत
आसियान-भारत स्मारक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सभी 10 आसियान देशों के राष्ट्राध्यक्ष राजधानी दिल्ली पहुंच गए हैं. दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के राष्ट्राध्यक्षों का राष्ट्रपति भवन में स्वागत किया गया. इस मौके पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द, उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद रहे.
गौरतलब है कि आसियान-भारत संबंधों को 25 साल पूरे हो चुके हैं. साथ ही भारत अपनी एक्ट ईस्ट पॉलिसी के तहत इन देशों के साथ व्यापार और सम्पर्क मार्गों को बढ़ाने पर ज़ोर दे रहा है. साथ ही भारत के इन देशों के साथ सांस्कृतिक संबंध भी सदियों पुराने हैं. भारत-आसियान देशों के साथ व्यापारिक, आर्थिक संबंधों के साथ-साथ एक बड़ा रणनीतिक साझीदार भी बनकर उभर रहा है.
आसियान देशों के राष्ट्राध्यक्षों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 31वें आसियान सम्मेलन के दौरान गणतंत्र दिवस पर आने का न्योता दिया था और यह पहला मौका है जब इतने सारे देशों के राष्ट्राध्यक्ष एक साथ गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे.