वीरों के लिए वीरता पुरस्कारों की हुई घोषणा
देश की सेवा में दिन रात एक किए हुए वीर जवानों के लिए गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वीरता पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडो ज्योति प्रकाश निराला को मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, मेजर विजयंत बिष्ट को कीर्ति चक्र से सम्मान देने की घोषणा की गई। सीआरपीएफ के दो कोबरा जवानों समेत 9 वीरों को शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 69वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इन जांबाज रणबांकुरों को सम्मानित किये जाने की घोषणा की। भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडो ज्योति प्रकाश निराला को मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया जाएगा। यह शांति के समय दिया जानेवाला सबसे बड़ा सैन्य सम्मान होता है। निराला ने जम्मू-कश्मीर के हाजिन इलाके में पिछले साल नवंबर में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में अकेले ही 3 आतंकियों को मार गिराया था। उस एनकाउंटर में छह आतंकियों को सेना के जवानों ने मार गिराया था। उनमें से एक लश्कर-ए-तैयबा चीफ जकी-उर-रहमान लखवी का भतीजा भी था। वहीं, मेजर विजयंत बिष्ट को कीर्ति चक्र से सम्मान देने की घोषणा की गई। वहीं, सार्जेंट मिलिंद किशोर खैरनार और कारपोरेल निलेश नायन को आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष में सर्वोच्च बलिदान के लिए मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित करने की घोषणा की गई।
तो इसके साथ ही उन्होंने शौर्य चक्र,परम विशिष्ट सेवा पदकों, चार उत्तम युद्ध सेवा पदकों सहित तमाम सैन्य कर्मियों और अर्धसैनिक बलों को वीरता पुरस्कारों तथा अन्य रक्षा अलंकरणों से सम्मानित करने का भी ऐलान किया। थल सेना के मेजर विजयंत बिष्ट को कीर्ति चक्र से सम्मान देने की घोषणा की गई। वहीं थल सेना के कुल 9 वीरों को शौर्य चक्र से सम्मानित करने की घोषणा हुई। जिसमें मेजर अखिल राज आर.वी., कैप्टन रोहित शुक्ला, कैप्टन अभिनव शुक्ला, कैप्टन प्रदीप शैर्य आर्य, हवालदार मुबारिक अली, हवालदार रबिंद्र थापा, नायक नरेंद्र सिंह, लांस नायक बाधेर हुसैन और पैराट्रूपर मानचू जैसे वीरों का नाम है। इन्हीं सैन्य पुरुस्कारों में थल सेना के 19 लोगों को परम विशिष्ट सेवा मैडल, 4 उत्तम युद्ध सेवा मैडल, 32 नायकों को अति विशिष्ठ सेवा मैडल, 10 को युद्ध सेवा मैडल, 88 नायकों को सेना मैडल सहित विशिष्ठ सेवा मैडल और 34 मेन्शन इन डिस्पैच जैसे सम्मानों की घोषणा की गई।
वायु सेना के शौर्य चक्र विजेताओं में कारपोरेल देवेंद्र मेहता, वायुसेना मेडल विंग कमांडर अंशुल सक्सेना, स्क्रॉड्रन लीडर राजीव चौहान और स्कॉर्ड्रन लीडर कमल शर्मा के नाम रहा।
वहीं,अर्धसैनिक बलों की बात करें तो दो सीआरपीएफ कोबरा कमांडों को शौर्य चक्र से सम्मानित करने की घोषणा की गई। शौर्य चक्र शांतिकाल में तीसरा सबसे बड़ा वीरता पुरस्कार है। उन्हें 2016 में झारखंड के लातेहार में नक्सल विरोधी अभियान में छह माओवादियों को ढेर करने के लिए ये सम्मान दिया जा रहा है ।