
CG ब्रेकिंग : कल होगा साय मंत्रिमंडल का विस्तार, ये तीन विधायक लेंगे शपथ
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का विस्तार अब 20 अगस्त को होने की संभावना जताई जा रही है। पहले यह विस्तार 18 अगस्त को तय माना जा रहा था, लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि सीएम साय के विदेश दौरे से पहले ही कैबिनेट विस्तार किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली से अंतिम मार्गदर्शन लेने के बाद बुधवार को मंत्रिमंडल विस्तार की औपचारिक घोषणा हो सकती है।
ये नाम लगभग तय
मंत्रिमंडल विस्तार में जिन नेताओं के नाम सबसे ज़्यादा चर्चा में हैं, उनमें अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, आरंग विधायक गुरु खुशवंत और दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव शामिल हैं। सोमवार देर शाम राजेश अग्रवाल और खुशवंत साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से वन-टू-वन चर्चा भी की।
14 मंत्रियों का फार्मूला लागू करने की तैयारी
फिलहाल छत्तीसगढ़ में 13 मंत्री शपथ ले चुके हैं। संविधान के अनुसार 90 विधायकों वाले विधानसभा में 15 प्रतिशत यानी 13.5 मंत्री बनाए जा सकते हैं। हरियाणा में भी 90 विधायक हैं और वहां 14 मंत्री बनाए गए हैं। इसी आधार पर संभावना है कि मुख्यमंत्री साय भी छत्तीसगढ़ में 14 मंत्रियों का फार्मूला लागू कर सकते हैं।
21 को विदेश दौरे पर जाएंगे सीएम
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री साय ने 17 अगस्त को राज्यपाल से मुलाकात की थी, उसके बाद श्री साय ने मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत दिए थे। मुख्मयंत्री 21 अगस्त से विदेश प्रवास पर रहेंगे। माना जा रहा था कि उससे पहले कभी भी मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया जाएगा। सोमवार देर रात स्पष्ट हुआ कि 20 अगस्त को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। उससे पहले 19 अगस्त को साय कैबिनेट की बैठक होगी।