सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड, 183% रिटर्न का सुनहरा मौका
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2019-20 सीरीज IV सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के लिए प्रीमैच्योर रिडेम्प्शन प्राइस का ऐलान कर दिया है। इसका मतलब है कि निवेशक अब बॉन्ड की पूरी अवधि खत्म होने से पहले इसे भुना सकते हैं और अच्छा रिटर्न पा सकते हैं।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की सामान्य अवधि 8 साल की होती है, लेकिन RBI की गाइडलाइन के अनुसार, जारी होने के 5 साल बाद भी निवेशक इसे मैच्योरिटी से पहले रिडीम कर सकते हैं। इस सीरीज के लिए सब्सक्रिप्शन 9 सितंबर 2019 से शुरू होकर 13 सितंबर 2019 तक चला था और बॉन्ड इश्यू हुआ था 17 सितंबर 2019 को।
RBI के अनुसार, अब इस सीरीज का प्रीमैच्योर रिडेम्प्शन प्राइस ₹11,003 प्रति यूनिट तय किया गया है। यह कीमत 12, 15 और 16 सितंबर 2025 के सोने के औसत भाव पर आधारित है। इसे शुरू में ₹3,890 प्रति ग्राम के भाव पर जारी किया गया था। यानी इस निवेश पर लगभग 183% का रिटर्न निवेशकों को मिल रहा है।
साथ ही, इस बॉन्ड पर हर साल 2.5% का ब्याज भी मिलता है। यह ब्याज निवेशक के बैंक खाते में छमाही आधार पर जमा होता है। आखिरी ब्याज की किस्त मैच्योरिटी पर मूलधन के साथ प्राप्त होती है।
इस निवेश का फायदा यह है कि आप सोने में निवेश करके लंबे समय में भारी रिटर्न पा सकते हैं और अपने पैसे को सुरक्षित भी रख सकते हैं।