
CG : इतिहास में पहली बार एक साथ 170 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, गृह मंत्री शाह बोले - इन सभी के निर्णय की सराहना करता हूँ
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता मिली है। देश के इतिहास में पहली बार एक साथ 170 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। सरेंडर नक्सलियों में महिलाएं भी शामिल हैं। इधर, प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा बस्तर के लिए रवाना हो गये हैं। मालूम हो कि पिछले दो दिनों में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में कुल 258 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।
जनवरी 2024 में छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद 2100 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है और 1785 माओवादी गिरफ्तार हुये है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पोस्ट कर लिखा -
''नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता!
छत्तीसगढ़ में आज 170 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, कल 27 ने हथियार डाले थे। महाराष्ट्र में भी कल 61 नक्सली हथियार त्याग कर मुख्यधारा में लौटे। पिछले दो दिनों में कुल 258 वामपंथी उग्रवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ा है।
हिंसा छोड़कर भारत के संविधान में अपना विश्वास पुनर्स्थापित करने के इन सभी के निर्णय की सराहना करता हूँ। प्रधानमंत्री @NarendraModi के नेतृत्व में सरकार की निरंतर कोशिशों का ही यह परिणाम है कि नक्सलवाद आखिरी साँसें ले रहा है।
नक्सलियों के विरुद्ध हमारी नीति स्पष्ट है: जो आत्मसमर्पण करना चाहते हैं उनका स्वागत है, लेकिन जो लोग हथियार उठाए रहेंगे, उन्हें हमारी सुरक्षा बलों की कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। सभी नक्सलियों से मेरी अपील है कि वे अपने हथियार त्याग दें और मुख्यधारा में लौट आएं।''
दूसरे पोस्ट में लिखी यह बात
''यह अत्यंत हर्ष की बात है कि एक समय आतंक का गढ़ रहे छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ और नॉर्थ बस्तर को आज नक्सली हिंसा से पूरी तरह मुक्त घोषित कर दिया गया है। अब छिटपुट नक्सली केवल साउथ बस्तर में बचे हुए हैं, जिन्हें हमारी सुरक्षा बल शीघ्र ही समाप्त कर देंगे।
जनवरी 2024 में छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद से 2100 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, 1785 को गिरफ्तार किया गया है और 477 को न्यूट्रीलाइज किया गया है।
यह 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के हमारे दृढ़ संकल्प का प्रतिबिम्ब है।''