news-details

महासमुंद : राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता संपन्न

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय हिंदी माध्यम विद्यालय, महासमुंद के सभा कक्ष में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंडों से चयनित प्रतिभागी बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर  विनय कुमार लंगेह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों में विज्ञान, तर्कशक्ति, सामान्य ज्ञान एवं रचनात्मकता को विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि जीत और हार जीवन का हिस्सा हैं, महत्वपूर्ण यह है कि हर बच्चा सीखते हुए आगे बढ़े और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करें। कलेक्टर ने प्रतियोगिता के संचालन में उपयोग हुई तकनीक और उपकरणों की प्रशंसा की तथा सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

जिला शिक्षा अधिकारी  विजय कुमार लहरे ने कहा कि विकासखंड स्तर पर उत्कृष्ट आयोजन के चलते श्रेष्ठ प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुंचे हैं। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अपने विषयों के साथ-साथ सामान्य ज्ञान का अच्छा ज्ञान हर क्षेत्र में लाभकारी होता है। अवसरों की प्रतिस्पर्धा में ज्ञान ही सबसे बड़ी ताकत है। डीएमसी श्री रेखराज शर्मा ने प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया का विस्तार से उल्लेख करते हुए बताया कि यह आयोजन स्कूल स्तर से प्रारंभ होकर संकुल, विकासखंड और अंततः जिला स्तर तक संपन्न हुआ। उन्होंने इसे बच्चों में आत्मविश्वास, ज्ञान-वृद्धि और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने वाला बताया।

प्रतियोगिता के प्रमुख राउंड में पहला रैपिड फायर राउंड जिसमें प्रत्येक टीम को 2 मिनट में 10 प्रश्न पूछे गए। हर सही उत्तर पर 10 अंक दिए गए। दूसरा पास राउंड जिसमें प्रत्येक टीम को 5 प्रश्न दिए गए। गलत उत्तर या उत्तर न देने पर प्रश्न अगली टीम को पास किया जाता था। 

इस राउंड में समय सीमा नहीं रखी गई। तीसरा राउंड सही-गलत राउंड जिसमें सभी टीमों के लिए एक साथ प्रश्न पूछे गए। टीमों को उपलब्ध तख्ती के माध्यम से सही या गलत का संकेत देना था तथा चौथा राउंड बज़र राउंड जिसमें सभी प्रश्न बहुविकल्पीय थे, जिन्हें एलसीडी टीवी पर प्रदर्शित किया गया।

इसके साथ ही कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर एक विशेष राउंड आयोजित किया गया, जिसे बच्चों ने उत्साहपूर्वक खेला। परिणाम इस प्रकार रहा प्रारंभिक वर्ग में प्रथम स्थान विकासखंड पिथौरा, द्वितीय स्थान विकासखंड बसना, तृतीय स्थान पर महासमुंद तथा माध्यमिक वर्ग में प्रथम स्थान बागबाहरा, द्वितीय स्थान बसना एवं तृतीय स्थान पर महासमुंद रहा। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, मोमेंटो एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में एडीपीओ प्रमोद कन्नौजे, एपीसी संपा बोस, विद्या साहू, बीईओ लीलाधर सिन्हा, बीआरसीसी महासमुंद जागेश्वर सिन्हा, एबीईओ तारिका कुंजाम, खेल अधिकारी अंजली बरमाल, कार्यक्रम का संचालन अमित कुमार चौरसिया और जागेश्वर सिन्हा द्वारा किया गया। साथ ही कार्यक्रम में शैलेन्द्र नायक, चंद्रकांत चौरसिया, कृष्ण कुमार नायक, विकास निषाद, लक्ष्मी मानिकपुरी, भारती सोनी, अमित कुमार चौरसिया, लीलाधर प्रधान, वीरेंद्र कुमार चौधरी, प्रेमचंद साव, रिंकल बग्गा, अमित कुमार उईके, उग्रसेन पटेल, जगदीश सिन्हा, सुबोध तिवारी का विशेष सहयोग रहा।


अन्य सम्बंधित खबरें