महासमुंद : श्याम राइस मिल झलप से 9562 क्विंटल धान जप्त - CG Sandesh

महासमुंद : श्याम राइस मिल झलप से 9562 क्विंटल धान जप्त

अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई, चिराकूटा में 250 कट्टा धान जप्त

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर सख्त निगरानी तथा राइस मिलों के भौतिक सत्यापन का कार्य जारी है। इसी क्रम में आज राइस मिल झलप में भौतिक सत्यापन निरीक्षण में 9562 क्विंटल धान तथा ग्राम चिराकूटा में 250 कट्टा धान जप्ती की कार्रवाई की गई।

महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अक्षा गुप्ता के नेतृत्व में श्याम राइस मिल झलप में भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान राजस्व, खाद्य, मंडी के संयुक्त टीम द्वारा धान स्टॉक गणना किया गया। जिसमें स्टॉक शॉर्टेज पाया गया। कस्टम मिलिंग धान उपार्जन नियम 2016 एवं मंडी अधिनियम के तहत 9562 क्विंटल धान जप्त करते हुए त्वरित कार्रवाई की गई।

इसी तरह विकासखण्ड सरायपाली में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुपमा आनंद के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा ग्राम चिराकूटा में 250 कट्टा धान जब्त करते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। टीम द्वारा धान के अवैध परिवहन और भंडारण की सूचना पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। टीम ने धान को जप्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत थाना सिंघोड़ा को सुपुर्द किया है।

कलेक्टर लंगेह ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में सभी जांच चौकियों, राइस मिलों एवं उपार्जन केंद्रों पर निगरानी और सख्त की जा रही है। अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने सतत निगरानी सतत जारी रहेगी।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें