महासमुंद : कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने किया भुरकोनी उपार्जन ... - CG Sandesh

महासमुंद : कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने किया भुरकोनी उपार्जन केंद्र का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज पिथौरा विकासखंड अंतर्गत भुरकोनी धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू एवं एसडीएम बजरंग वर्मा मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया, व्यवस्थाओं और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और दक्षता के साथ संचालित किया जाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने केंद्र में धान की तौल व्यवस्था, नमी परीक्षण, तौल-कांटे की सटीकता,बोरा की उपलब्धता की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े, तौल में पारदर्शिता बनी रहे तथा गुणवत्ता परीक्षण पूरी शुद्धता से किया जाए।

उन्होंने कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया कि धान की आवक बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ट्रॉली एवं वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रहे और खरीदी केंद्र में साफ–सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, टोकन और रसीद वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने स्टैकिंग, गोदामों तक परिवहन, रिकॉर्ड संधारण एवं अवैध धान परिवहन की रोकथाम के उपायों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय और मानकों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने किसानों से भी चर्चा की और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सुना। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर किसानों के हितों को सर्वोपरि रखने पर जोर दिया।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें