सांसद खेल महोत्सव का वन खेल परिसर महासमुंद में हुआ शुभारंभ
लोकसभा स्तरीय दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ आज वन खेल परिसर महासमुंद में मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मशाल प्रज्वलन के साथ किया गया। शुभारंभ अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, छत्तीगसढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह मौजूद थे। सांसद खेल महोत्सव का गुरूवार 25 दिसम्बर को समापन होगा।
इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने सांसद खेल महोत्सव को युवा शक्ति का उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि अनुशासन एवं खेल भावना भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव से ग्रामीण प्रतिभाओं को उभरने का मौका मिला है। उन्होंने जानकारी दी कि इस महोत्सव के लिए 29 अगस्त से पंजीयन प्रारंभ हुआ था, जिसमें लगभग 86 हजार बच्चों ने पंजीयन कराया। संकुल स्तर से खिलाड़ियों ने भाग लिया है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन एवं खेल भावना के साथ खेलते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि गांव से लेकर लोकसभा तक युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवाओं की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने पंचायत से पार्लियामेंट तक युवाओं की सक्रिय सहभागिता पर जोर देते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह खेल महोत्सव वास्तविक प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जो खिलाड़ी सच्ची प्रतिभा रखते हैं, उन्हें उचित मंच मिलना चाहिए और यही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, महेंद्र सिक्का, प्रशांत श्रीवास्तव, आनंद साहू, संदीप घोष, शरद मराठा, राहुल चंद्राकर, सुरेन्द्र चावला, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।
इस अवसर पर खिलाड़ियों ने खेल भावना की शपथ ली। मशाल प्रज्वलन के पश्चात महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिताओं की शुरुआत 100 मीटर दौड़ से की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सांसद खेल महोत्सव का आयोजन 3 चरण में आयोजित किया गया। प्रथम चरण में संकुल स्तरीय सांसद खेल महोत्सव में ग्रामीण 25 एवं शहरी 05 कुल 30 संकुल में आयोजित किया गया। विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव में संकुल के विजेता टीम एवं विजेता खिलाड़ी अपने-अपने विधानसभा में शामिल हुए। सामूहिक खेलों के लिए आयु वर्ग 14 से 19 वर्ष एवं 19 से 24 वर्ष तथा व्यक्तिगत खेलों के लिए आयु वर्ग 14 से 17 वर्ष, 18 से 20 वर्ष एवं 21 से 24 वर्ष के बालक एवं बालिका शामिल हुए। सामूहिक खेलों में खो-खो, कबड्डी एवं बॉलीबॉल तथा व्यक्तिगत खेलों में 100 मीटर दौंड, 400 मीटर दौंड, गोलाफेंक, भालाफेंक, लंबीकूद, ऊंचीकूद, गेड़ी दौड़ खेल शामिल है। सांसद खेल महोत्सव में 8 विधानसभा के 1155 खिलाड़ी जिसमें 664 बालक एवं 491 बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें बसना विधानसभा क्षेत्र के 182 खिलाड़ी, सरायपाली के 123, महासमुंद के 131, खल्लारी के 145, राजिम के 146, बिंद्रानवागढ़ के 149, कुरूद के 148 एवं धमतरी के 131 खिलाड़ी शामिल हुए।