CG : जेल में बंद दुष्कर्म के आरोपी ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सेंट्रल जेल में एक विचाराधीन कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कैदी सुनील महानंद पॉक्सो के मामले में 11 नवंबर 2025 से जेल में बंद था। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी ललिता महानंद बेहोश हो गई। घटना गंज थाना क्षेत्र की है।
इस मामले में परिजनों का कहना है कि, महानंद को जेल में लगातार मेंटली और फिजिकली टॉर्चर किया जा रहा था। जेल के बाहर परिजन, समाज के लोग और कांग्रेस नेता धरने पर बैठे हैं। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। जेलर पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री ने बताया कि, मामले में न्यायिक जांच होगी, फिर डिटेल रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6 बजकर 45 मिनट पर सुनील महानंद (30) अचानक टहलते हुए जेल में लगे पीपल के पेड़ के पास पहुंचा। जहां पेड़ की टहनी पर गमछे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। उसे देखकर मौके पर मौजूद पहरेदारों ने पेड़ से नीचे उतारा, तब उसकी सांसें चल रही थी।
तत्काल उसे मेकाहारा रवाना किया, लेकिन हॉस्पिटल पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया। यह पूरी घटना जेल के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। जिसमें कैदी फांसी लगाते हुए दिखाई दे रहा है। इसलिए पुलिस इसे आत्महत्या का मामला ही मान रही है।
परिजनों ने लगाए आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि, आत्महत्या के बाद बिना परिजनों को सूचना दिए बॉडी को चोरी-छिपे मॉर्चुरी भेज दी गई। उन्हें देर रात इस घटना की जानकारी दी गई। यदि समय रहते सूचना दी जाती, तो वे मौके पर पहुंच सकते थे। परिजनों ने जेल प्रशासन पर जानबूझकर सूचना देने में देरी करने का भी आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि, 2 महीने से जेल में बंद था, उससे हम मुलाकात करने भी आते थे। सुनील बताता था कि, मुझे बहुत प्रताड़ित किया जा रहा है। उसे 3 स्वेटर और 5-6 जोड़ी कपड़े भी दिए थे। खाने पीने का सामान भी दिया। जिसको वहां छीन लेते थे। उसको पेटीएम के जरिए पैसे भी दिए थे, लेकिन पैसे भी उसे नहीं दिए गए।