कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन (CARS) महासमुंद के छात... - CG Sandesh

कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन (CARS) महासमुंद के छात्रों ने किया शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण

कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन (CARS), महासमुंद के RAWE/READY कार्यक्रम के अंतर्गत अध्ययनरत छात्रों द्वारा आज Industrial Attachment विषय के तहत एक विस्तृत शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस भ्रमण का प्रमुख उद्देश्य छात्रों को कृषि उत्पादन, नर्सरी प्रबंधन, बीज उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन से संबंधित व्यावहारिक एवं औद्योगिक अनुभव प्रदान करना था, जिससे वे सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक क्षेत्रीय परिस्थितियों से जोड़ सकें।

शैक्षणिक भ्रमण के प्रथम चरण में छात्रों ने शेर गांव स्थित श्री दिनेश सोनी के पौध नर्सरी तैयारी फार्म का भ्रमण किया। यहाँ छात्रों को व्यावसायिक स्तर पर पौध नर्सरी की स्थापना, उन्नत बीज शोधन तकनीक, पौध तैयार करने की आधुनिक विधियाँ, सिंचाई एवं पोषण प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण की वैज्ञानिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। श्री सोनी द्वारा नर्सरी व्यवसाय की आर्थिक संभावनाओं, लागत–लाभ विश्लेषण तथा विपणन रणनीतियों पर भी प्रकाश डाला गया, जिससे छात्रों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों को समझने में सहायता मिली।

इसके पश्चात छात्रों ने लभारा स्थित राज्य बीज निगम कार्यालय तथा बीज क्रय एवं ग्रेडिंग केंद्र का भ्रमण किया। यहाँ अधिकारियों द्वारा छात्रों को बीज उत्पादन श्रृंखला, किसानों से बीज क्रय की प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण मानक, बीज ग्रेडिंग, प्रमाणीकरण एवं भंडारण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस भ्रमण से छात्रों को सार्वजनिक क्षेत्र में बीज उत्पादन एवं वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

इसके अतिरिक्त छात्रों ने लभरा में स्थित प्रांकुर सीड्स प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग यूनिट, जो कि एक स्वतंत्र निजी फर्म है, का भी भ्रमण किया। इस इकाई में छात्रों को बीज सफाई, ग्रेविटी सेपरेशन, उपचार, पैकेजिंग, लेबलिंग एवं विपणन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। निजी क्षेत्र में बीज उद्योग की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखकर छात्रों ने औद्योगिक स्तर पर गुणवत्ता प्रबंधन एवं व्यावसायिक दक्षता के महत्व को समझा।

यह संपूर्ण शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण RAWE कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुबोध कुमार प्रधान एवं विषय शिक्षक डॉ. मुकेश कुमार सेठ के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र महासमुंद डॉ. अनुराग के दिशा-निर्देशन एवं प्रेरणा के अनुरूप आयोजित किया गया। भ्रमण के दौरान छात्रों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रश्नोत्तर के माध्यम से अपने ज्ञान में वृद्धि की।

कॉलेज प्रशासन ने इस प्रकार के औद्योगिक एवं क्षेत्रीय भ्रमणों को छात्रों के व्यावहारिक प्रशिक्षण, कौशल विकास तथा कृषि आधारित रोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में अत्यंत उपयोगी बताया।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें