news-details

24 घंटे जनता की सेवा में तत्पर विद्युतकर्मी ही असली योद्धा : प्रकाश सिन्हा

राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर गढ़फुलझर में रजत महोत्सव संपन्न

बसना. छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के गढ़फुलझर वितरण केंद्र द्वारा छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य की विद्युत विकास यात्रा, सेवा विस्तार तथा उपभोक्ता सहभागिता को समर्पित रहा।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जिला महामंत्री भाजपा महासमुंद जितेंद्र त्रिपाठी, जनपद पंचायत बसना के सभापति प्रकाश सिन्हा, मंडल अध्यक्ष गढ़फुलझर नरहरी पोर्ते, ग्राम पंचायत गढ़फुलझर की सरपंच हरप्रीत कौर, किसान मोर्चा जिला महामंत्री माधव साव, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी नवीन कुमार साव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त प्रहलाद साहू, रंजन साहू, नरेंद्र साहू, हरजिंदर सिंह हरजू, शिवकिशोर साहू, खोलबहरा निराला, सुंदरमणि मिश्रा, सहदेव पटेल एवं महिपाल सिंह जटाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कंपनी की बीते 25 वर्षों की उपलब्धियों, विद्युत सेवा के निरंतर विस्तार, उपभोक्ता सुविधाओं में सुधार तथा सेवा गुणवत्ता को सराहा गया। कार्यक्रम के दौरान बीपीएल श्रेणी के मानक अनुरूप खपत वाले उपभोक्ताओं, पिछले दो वर्षों से नियमित भुगतान करने वाले घरेलू, गैर-घरेलू एवं कृषक उपभोक्ताओं तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रथम पाँच लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जितेंद्र त्रिपाठी ने विद्युत क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की सराहना करते हुए आम नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापना हेतु उपलब्ध शासकीय सब्सिडी का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने विद्युत विभाग द्वारा दी जा रही उपभोक्ता सुविधाओं की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

इस अवसर पर जनपद पंचायत बसना के सभापति प्रकाश सिन्हा ने अपने उद्बोधन में विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्युत विभाग के कर्मचारी 24 घंटे जनता की सेवा में जुटे सच्चे योद्धा हैं. उन्होंने कहा कि कठिन मौसम, आपात परिस्थितियों और विषम हालातों में भी विद्युतकर्मी निरंतर सेवा देकर आमजन के जीवन को सुचारु बनाए रखते हैं। यह समर्पण वास्तव में जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।

महोत्सव के दौरान विद्युत विभाग की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें स्मार्ट मीटर जैसी नवीन तकनीक, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत पहुँच तथा सोलर योजनाओं से संबंधित जानकारियाँ साझा की गईं।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन गढ़फुलझर के कनिष्ठ अभियंता देवेश सिंह राजपूत, लाला राम साहू एवं लाइन स्टाफ कुशलाल पटेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, उपभोक्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य सम्बंधित खबरें