महासमुंद : गैस सिलेंडर से भरे पिकअप वाहन ने सड़क पार कर रहे ... - CG Sandesh

महासमुंद : गैस सिलेंडर से भरे पिकअप वाहन ने सड़क पार कर रहे युवक को रौंदा, हुई दर्दनाक मौत

महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ है। एलपीजी गैस सिलेंडर से भरे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क पार कर रहे युवक को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर चक्काजाम कर दिया।

मृतक की पहचान अशोक कुमार विश्वकर्मा (40 वर्ष), निवासी ओंकारबंद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक जैसे ही सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रहे पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

 




घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मुआवजे व दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए। चक्काजाम के चलते राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

हालात को संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया है। खल्लारी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें