CG : रात को फोन पर कर रहा था गाली-गलौज, सुबह नाली में मिली युवक की लाश
रायगढ़। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महिला समृद्धि कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित नाली में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला समृद्धि कॉम्प्लेक्स के पीछे नाली में एक व्यक्ति के गिरे होने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों की सहायता से युवक को नाली से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
शुरुआती जांच और पूछताछ में मृतक की पहचान अविनाश शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सारंगढ़ का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में रायगढ़ के चांदमारी क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दी जा रही है। साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक बीती रात करीब 9 बजे किसी से फोन पर गाली-गलौज करते हुए देखा गया था तथा वह पास ही ड्राइवरी का कार्य करता था। फिलहाल कोतवाली पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।