बसना : स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन में सभापति प्रकाश सिन्हा बोले—मितानिन दीदियों के बिना स्वस्थ पंचायत की कल्पना अधूरी
सेवा-समर्पण की सशक्त मिसाल मितानिन दीदियाँ : प्रकाश सिन्हा
स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन बसना में संपन्न, मितानिन दीदियों को बताया ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़
बसना. मंगल भवन बसना में आयोजित स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने, पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। सम्मेलन में मातृ–शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि रमेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास विभाग के सभापति प्रकाश सिन्हा, स्वास्थ्य विभाग की सभापति मधु प्रेम खुटे, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मिलाप निराला, सरपंच संघ अध्यक्ष लखन पटेल, सरपंच संघ उपाध्यक्ष प्रीतम चतुर्वेदी, अमृत चौधरी, पार्षद राकेश डडसेना, शिव चौधरी, आयुष अग्रवाल, सरपंच मिश्रा दीप, श्रीमती सरोजनी कौशिक एवं श्रीमती संतोषनी ओगरे की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा ने कहा कि मितानिन दीदियाँ ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की असली रीढ़ हैं। घर-घर जाकर सेवा देना आसान कार्य नहीं है, लेकिन मितानिन दीदियाँ पूरे समर्पण और संवेदना के साथ यह जिम्मेदारी निभा रही हैं। स्वस्थ पंचायत की कल्पना मितानिन दीदियों के योगदान के बिना संभव नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने के लिए सरकार की योजनाओं के साथ-साथ जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मितानिन दीदियाँ सेवा और समर्पण की जीवंत मिसाल हैं।
सम्मेलन के दौरान मितानिन दीदियों ने भी अपने कार्य अनुभव साझा करते हुए अपनी समस्याओं एवं मांगों से उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अवगत कराया। मितानिनों ने कार्य से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों, सुविधाओं एवं आवश्यक सहयोग के विषय में चर्चा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण की अपेक्षा जताई।
वहीं विधायक प्रतिनिधि रमेश अग्रवाल ने सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन का मुख्य लक्ष्य मितानिन दीदियों के योगदान को सम्मान देना, पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना तथा जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सशक्त पंचायत और सजग स्वास्थ्य कार्यकर्ता ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव हैं।
उक्त कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीयूष ठाकुर, मेडिकल ऑफिसर डॉ. केशव साहू, कार्यक्रम अधिकारी प्रेमचंद बंजारे, ज्योति कोरेवा जिला समन्वयक, सविता दास, विनोद पाण्डेय विकास समन्वयक, निरंजना दीप विकास समन्वयक, प्रमोद कुमार बारीक स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक, रजनी सेठ स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक, मास्टर ट्रेनर सहित बड़ी संख्या में मितानिन दीदियाँ उपस्थित रहीं, जिनकी सक्रिय सहभागिता से सम्मेलन सफल एवं प्रभावशाली रहा।