news-details

महासमुंद : कलेक्टर लंगेह ने बागबाहरा अंतर्गत संचालित पीएमश्री विद्यालयों का किया आकस्मिक निरीक्षण

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज बागबाहरा विकासखण्ड अंतर्गत संचालित पीएमश्री विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह विभिन्न कक्षाओं में पहुँचे और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर योजनाबद्ध अध्ययन करने, समय प्रबंधन अपनाने तथा आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित होने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और प्रेरणादायी संदेश देकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राएं अत्यंत उत्साहित एवं प्रेरित दिखाई दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, बीईओ के.के. वर्मा, एपीसी सम्पा बोस, एबीईओ रामता मन्नाडे तथा आरईएस के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कलेक्टर लंगेह ने पीएमश्री शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस) बागबाहरा के नवीन निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया तथा बायोलॉजी, केमिस्ट्री, फिजिक्स प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय एवं कम्प्यूटर लैब का पृथक-पृथक अवलोकन किया। उन्होंने प्रयोगशालाओं में उपलब्ध उपकरणों, पुस्तकालय की व्यवस्था एवं कम्प्यूटर लैब के संचालन की जानकारी लेते हुए समुचित संधारण एवं नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित ठेकेदार को मार्च माह तक नवीन भवनों का कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश प्रदान किए।

इसी क्रम में कलेक्टर लंगेह ने पीएमश्री नवीन प्राथमिक शाला बागबाहरा का भी निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने छोटे बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की तथा उनकी पढ़ाई-लिखाई, उपस्थिति एवं अधिगम स्तर की जानकारी ली। उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति तथा कक्षाओं की व्यवस्था का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कलेक्टर लंगेह ने कहा कि पीएमश्री विद्यालयों को उत्कृष्ट शैक्षणिक मॉडल के रूप में विकसित करना जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता है और इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी समन्वित रूप से कार्य करें। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता एवं अधोसंरचना के बेहतर उपयोग पर बल दिया।


अन्य सम्बंधित खबरें