महासमुंद : गर्लफ्रेंड से मिलने गांव पहुंचा था युवक, ग्रामीणो... - CG Sandesh

महासमुंद : गर्लफ्रेंड से मिलने गांव पहुंचा था युवक, ग्रामीणों ने पकड़ा, अब पहाड़ियों में मिली लाश

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। 29 जनवरी से रहस्यमयी ढंग से लापता 17 वर्षीय किशोर राजा उर्फ उद्रेश वर्मा का शव आज जमनीडीह के पास पहाड़ी जंगल में सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरी घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि 29 जनवरी को राजा अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसे देख लिया और उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

चर्चा है कि जब ग्रामीणों ने राजा और उसके दोस्तों को घेरा, तो राजा ने अपने दोस्तों की जान बचाने के लिए उनसे वहां से भाग जाने को कहा। दोस्त तो निकल गए, लेकिन राजा खुद को बचाने के लिए घने जंगल और पहाड़ियों की ओर भाग निकला। उसके बाद से वह कभी वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर भंवरपुर चौकी में गुमशुदगी का मामला दर्ज था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।


सड़ी गली हालत में मिली लाश

आज जमनीडीह की पहाड़ियों में बदबू आने पर जब ग्रामीण वहां पहुंचे, तो राजा की सड़ी गली लाश मिली। क्या ग्रामीणों ने उसे पकड़कर मारपीट की या जंगल में भागते समय उसके साथ कोई हादसा हुआ? पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि राजा की मौत चोट लगने से हुई, गला घोंटने से या किसी और कारण से।

किशोर की लाश मिलने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना को लेकर गांव में तनाव और सस्पेंस बना हुआ है। पुलिस अब उन दोस्तों और गांव के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की तैयारी कर रही है जिन्होंने अंतिम बार राजा को देखा था।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें