बसना : मेधावी विद्यार्थियों को 3 माह का मानदेय देंगे सभापति ... - CG Sandesh

बसना : मेधावी विद्यार्थियों को 3 माह का मानदेय देंगे सभापति प्रकाश सिन्हा

फुलझर अंचल में प्रतिभाओं को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन

बसना। जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा ने शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरक पहल की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जनपद क्षेत्र सहित पूरे फुलझर अंचल के किसी भी विद्यालय के छात्र-छात्राएं यदि कक्षा 10वीं या 12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में स्थान प्राप्त करते हैं, तो उन्हें व्यक्तिगत रूप से 3 माह का मानदेय प्रदान किया जाएगा।

प्रकाश सिन्हा ने कहा, “ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें सही प्रोत्साहन और उचित मंच देने की। शिक्षा ही समाज और क्षेत्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है।” उन्होंने इसे केवल सम्मान की घोषणा नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति सकारात्मक और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण तैयार करने की पहल बताया। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को भावनात्मक सहयोग, अनुशासन और अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करें, ताकि वे अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।

इस पहल से प्रेरित होकर अंकोरी विद्यालय के प्राचार्य यज्ञ राम सिदार ने भी घोषणा की कि विद्यालय के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राएं यदि मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करते हैं, तो उन्हें प्राचार्य की ओर से ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह कदम विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ाएगा तथा विद्यालय के शैक्षणिक परिणामों को नई ऊँचाई प्रदान करेगा।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें