महासमुंद : श्रम विभाग अंतर्गत मालती साहनी को मिलेगा एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के जनसामान्य की समस्याएं सुनी। कलेक्टर लंगेह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। जनचैपाल में आज कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया।
जनचैपाल में ग्राम पीढ़ी निवासी मालती साहनी ने आर्थिक सहायता की मांग करते हुए कलेक्टर को आवेदन सौंपे। इस पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने श्रम विभाग को आवेदिका द्वारा किए गए आवेदन का त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। श्रम विभाग द्वारा जांच करने पर संबंधित आवेदिका का मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना अंतर्गत आवेदन प्राप्त हुआ है एवं आवेदन स्वीकृत भी किया जा चुका है। कलेक्टर श्री लंगेह के निर्देश पर 19 फरवरी को संबंधित आवेदिका के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से योजना की राशि एक लाख रुपए अंतरित की जाएगी।
इसी तरह जन चौपाल में ग्राम कनेकेरा के निवासियों ने पेयजल की समस्या हेतु, ग्राम सिंहरूपाली निवासी गोपाल दीवान ने सामुदायिक भवन के मजदूरी राशि के भुगतान के संबंध में, ग्राम मुंधा सरायपाली निवासी कलावती पटेल ने अधिभोग के अधीन वन भूमि का हक दिलाने हेतु, ग्राम गिधली निवासी मंथीर बारीक ने राशन कार्ड जारी करने, ग्राम जोबा निवासी चेतन लाल साहू ने श्रम पंजीयन कार्ड में संशोधन हेतु, ग्राम कोसरंगी निवासी किसलाल ने मुख्यमंत्री संजीवनी कोष से इलाज दिलाने हेतु आवेदन किए। इसके अलावा शौचालय निर्माण, फौती, सीमांकन, पीएम आवास, अवैध अतिक्रमण, लम्बित राशि भुगतान संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।