महासमुंद : कलेक्टर लंगेह ने जन चौपाल में सुनी लोगों की समस्य... - CG Sandesh

महासमुंद : कलेक्टर लंगेह ने जन चौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के जनसामान्य की समस्याएं सुनी। कलेक्टर लंगेह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया। जन चौपाल में आज कुल 72 आवेदन प्राप्त हुए।

जन चौपाल में ग्राम पंचायत नर्रा के शेख फरीद ने पेयजल की समस्या के निराकरण के लिए नलकूप खनन हेतु आवेदन दिए। इसी तरह ग्राम तेंदुकोना निवासी कमला साहू ने आकस्मिक मृत्यु होने पर नियम के तहत मुआवजा राशि के संबंध में, ग्राम मुढ़ेना निवासी श्री हेमलाल सिंह ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का लाभ दिलाने, वार्ड भानपुर बागबाहरा निवासी संजय ध्रुव ने निजी जमीन पर अवैध अतिक्रमण कर निर्माण पर रोक लगाने हेतु, ग्राम लभरा खुर्द महासमुंद निवासी बलराम सेन ने श्रमिक पंजीयन कार्ड में संशोधन हेतु, ग्राम पंचायत बम्हनी के ग्रामवासियों ने अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने हेत, ग्राम कोसरंगी निवासी डोमन लाल साहू ने किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने हेतु, ग्राम चोरभट्टी निवासी दिनेश यादव ने आकस्मिक मृत्यु होने पर आर्थिक सहायता राशि प्राप्त के लिए एवं ग्राम घोड़ारी निवासी फनिया ठाकुर ने शौचालय एवं गैस कनेक्शन प्रदाय करने हेतु आवेदन किए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें