news-details

संकल्प बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप - रामकुमार थूरिया

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत संकल्प बजट की सराहना करते हुए भाजपा मंडल सालर मल्दा ब के अध्यक्ष रामकुमार थूरिया ने संकल्प बजट को प्रदेश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट “विकास, विश्वास और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़” की भावना को साकार करने वाला है।

थूरिया ने कहा कि संकल्प बजट में किसान, युवा, महिला और गरीब वर्ग के उत्थान को प्राथमिकता दी गई है। कृषि क्षेत्र में सिंचाई विस्तार, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के प्रावधानों से किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि यह बजट गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मंडल अध्यक्ष ने युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार सृजन और स्वरोजगार योजनाओं को सराहनीय बताया। साथ ही महिलाओं के स्व-सहायता समूहों को सशक्त करने और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार को भी ऐतिहासिक पहल बताया।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास, नए मेडिकल कॉलेज नर्सिंग कॉलेज, स्कूल उन्नयन और डिजिटल शिक्षा संस्थानों की स्थापना तथा डिजिटल सेवाओं के विस्तार से आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। आदिवासी क्षेत्रों के विकास, सड़क एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को भी उन्होंने बजट की बड़ी उपलब्धि बताया।

अंत में श्री रामकुमार थूरिया ने कहा कि संकल्प बजट प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला है और यह प्रधानमंत्री के “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला बजट सिद्ध होगा।


अन्य सम्बंधित खबरें