news-details

सरायपाली : राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन

27 फरवरी 2026 को शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी, संकुल सिंघोड़ा, विकासखंड सरायपाली में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान दिवस पखवाड़ा के समापन कार्यक्रम के रूप में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।

कार्यक्रम विकासखंड शिक्षा अधिकारी टीकमचंद पटेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी. एन. दीवान, विकासखण्ड संकुल स्त्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक तथा संकुल प्राचार्य पी. के. ग्वाल व्याख्याता श्रीमती डॉ. गेसमोती पटेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान के विविध विषयों पर आधारित आकर्षक वर्किंग मॉडल, त्रिआयामी (3D) मॉडल तथा प्रयोग आधारित वैज्ञानिक प्रस्तुतियाँ प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ, रचनात्मक सोच, तार्किक क्षमता एवं नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण शैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

इस संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के प्रधान पाठक ओमप्रकाश साव के नेतृत्व में शिक्षक कमल नारायण भोई, शिक्षक डोलामणि चौहान, उच्च वर्ग शिक्षक रामेश्वर प्रसाद पटेल के सक्रिय सहयोग एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथियों को निर्णायक (जज) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। निर्णायकों द्वारा प्रत्येक मॉडल का सूक्ष्म निरीक्षण कर उसके वैज्ञानिक आधार, प्रस्तुतीकरण, उपयोगिता एवं नवाचार के आधार पर मूल्यांकन किया गया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए —
प्रथम स्थान कुमारी लक्ष्मी भोई को प्राप्त हुआ। उनके प्रयोग “उत्प्लावन बल” ने वैज्ञानिक सिद्धांत को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

द्वितीय स्थान देवती प्रधान को प्राप्त हुआ। उनका मॉडल “वायुमंडल की विभिन्न परतें” विषय पर आधारित था, जिसमें पृथ्वी के वायुमंडल की संरचना का सजीव प्रदर्शन किया गया।
तृतीय स्थान जिगर मिश्रा को प्राप्त हुआ। उनका प्रयोग “बॉडी स्प्रे और विज्ञान” दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग को दर्शाने वाला रोचक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल था।

विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यालय के प्रधान पाठक एवं समस्त शिक्षकगणों द्वारा गरिमामय वातावरण में प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में बांझापाली हाई स्कूल से टीकाराम चौधरी, सिंघोड़ा संकुल के समन्वयक सच्चिदानंद भोई, संकुल के प्रधान पाठक महेंद्र भोई, ओमप्रकाश ठाकुर, प्रदीप कुमार छत्रे, अरुण कुमार राज, मनोरंजन प्रधान, क्षीर सागर चौहान, राजेश पटेल (संकुल समन्वयक), दुष्यंत पटेल (संकुल समन्वयक) तथा शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बलदेव प्रधान एवं उपाध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उपस्थित मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का शाला परिवार की ओर से पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, तार्किक चिंतन एवं प्रयोगधर्मिता की भावना का विकास करना था। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


अन्य सम्बंधित खबरें