कृषक उन्नति योजना अंतर्गत महासमुंद जिले के 1 लाख 49 हजार से अधिक किसानों के खातों में पहुँची 745 करोड़ से अधिक की अंतर राशि
सभी विकासखंड मुख्यालयों में वृहद किसान सम्मेलन आयोजित
किसानों को दोनों फसलों के लिए पानी की व्यवस्था कर रहे हैं - विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा
बजट में सिकासेर कोडार जलाशय लिंक परियोजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान होली से पूर्व उनके बैंक खातों में अंतरित किया गया। 28 फरवरी को बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी खेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा योजना अंतर्गत राशि का अंतरण किया गया। इसी अवसर पर महासमुंद जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में कृषक उन्नति योजना के तहत वृहद किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया।
1.49 लाख किसानों को 745 करोड़ से अधिक की राशि
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 1 लाख 49 हजार 759 किसानों के बैंक खातों में कुल 745 करोड़ 30 लाख 36 हजार रुपए की अंतर राशि अंतरित की गई। जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कुल 10 लाख 19 हजार 568 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया। यह राशि सीधे किसानों के खातों में पहुँचने से जिले के ग्रामीण अर्थतंत्र को नई मजबूती मिली है।
पीटियाझर मंडी प्रांगण में मुख्य कार्यक्रम आयोजित
पीटियाझर मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से किया गया हर वादा पूरा किया है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की गई, जो देश में सर्वाधिक है।
उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण तभी संभव है जब किसान समृद्ध होगा। सिकासेर का पानी कोडार जलाशय तक लाने हेतु 3047 करोड़ रुपए की बजट स्वीकृति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे आने वाले समय में दोनों फसलों के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। झलप और पटेवा क्षेत्र को भी सिंचाई सुविधा देने का वादा पूरा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सिरपुर बैराज के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है तथा नहरों की लाइनिंग का कार्य भी किया जाएगा। किसानों के बच्चों की शिक्षा के लिए भी विशेष पहल की जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्य स्तर पर रिकॉर्ड खरीदी
उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष राज्य में 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। लगभग 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की अंतर राशि होली पूर्व किसानों के खातों में अंतरित की जा रही है, जिसे पूरे प्रदेश में उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
महासमुंद विकासखंड की स्थिति
विधायक सिन्हा ने बताया कि महासमुंद विकासखंड में 23 समितियों और 38 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 35 हजार 670 किसानों से 2 लाख 18 हजार 731.92 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। कृषक उन्नति योजना अंतर्गत 159 करोड़ 89 लाख रुपए की राशि किसानों के खातों में जारी की गई।
इस अवसर पर पीटियाझर सोसायटी के अध्यक्ष रमेश साहू ने कहा कि आज किसानों को उनकी मेहनत का फल मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री के संवेदनशील नेतृत्व और विधायक की सक्रिय भूमिका की सराहना की।
नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी ने कहा कि सिकासेर-कोडार जलाशय लिंक के लिए 3047 करोड़ रुपए की स्वीकृति क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। सिरपुर बैराज के लिए 647 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत हुआ है। साथ ही नर्सिंग कॉलेज की स्थापना और सड़क विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है।
कलेक्टर विनय लंगेह ने कहा कि जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में वृहद किसान सम्मेलन का अयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि महासमुंद जिले में 1,49,759 किसानों के खातों में 745 करोड़ 30 लाख 36 हजार रुपए की राशि अंतरित की गई ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे । किसानों ने कहा सरकार ने अपना वादा ईमानदारी से पूरा किया
ग्राम अछोला से पहुंचे किसान श्री अजय साहू ने कहा कि आज सरकार ने अपना वादा पूरा किया। हम सब परिवार सहित होली अच्छे से मनाएगें। जो मेरा निर्माणाधीन मकान है उसे पूरा करूंगा।मुख्यमंत्री और विधायक का हार्दिक आभार।। आज कृषक उन्नति योजना से मेरे खाते में 36 हजार की राशि मिली।
इसी तरह किसान रोम पाल चंद्राकर ग्राम सोरिद ने कहा कि इस राशि से मुझे चिंता से मुक्ति मिली है।मै इसका उपयोग आगामी खरीफ की तैयारी के लिए करूंगा। उन्होंने सरकार को धन्यवाद दिया। बहुरा बाई पीटीयाझर को 17 हजार की राशि मिली ।इससे वे परिवार सहित होली मनाएंगे और मकान बनाएंगे।
कृषक उन्नति योजना एवं आदान सहायता राशि वितरण समारोह
कृषक उन्नति योजना वर्ष 2025-26 में महासमुंद जिले में 1 लाख 60 हजार 99 कृषकों द्वारा 2 लाख 45 हजार 5 सौ 50 हेक्टर रकबे में धान फसल का पंजीयन किया गया है, जिसके तहत 1 लाख 49 हजार 7 सौ 59 कृषकों से 10 लाख 19 हजार 5 सौ 68 (अड़सठ) मि.टन धान का उर्पाजन किया गया है। जिले के अंतर्गत समर्थन मूल्य में 1 लाख 49 हजार 7 सौ 53 (तिरपन) कृषकों को 2415.00 करोड़ (अक्षरी दो हजार चार सौ पंद्रह करोड़ रूपये) का भुगतान किसान भाईयो को किया जा चुका है।
महासमुंद विकासखण्ड में 35670 कृषकों से 218761.92 मि.टन, धान उपार्जन कर पांच सौ अट्ठारह करोड़ साठ लाख का भुगतान किया जा चुका है एवं आज दिनांक को एक सौ उन्सठ करोड़ नवासी लाख का भुगतान किया जा रहा है, विकासखण्ड बागबाहरा में 31975 कृषको से 199995.64 मि.टन धान का उपार्जन कर चार सौ तिहत्तर करोड़ का भुगतान किया जा चुका है एवं एक सौ छियालीस करोड़ रूपये भुगतान किया जा रहा है, विकासखण्ड पिथौरा में 30491 कृषकों से 227070.80 मि.टन धान का उपार्जन कर पांच सौ सैतीस करोड़ रूपये का भुगतान किया जा चुका है एवं एक सौ पैसठ करोड़ रूपये का भुगतान किया जा रहा है, विकासखण्ड बसना में 26183 कृषको से 178642.76 मि.टन का उपार्जन कर चार सौ तेईस करोड़ रूपये का भुगतान किया जा चुका है एवं एक सौ तीस करोड़ का भुगतान किया जा रहा है, विकासखण्ड सरायपाली के 25440 कृषको से 195127.00 मि.टन धान का उपार्जन कर चार सौ बैसठ करोड़ रूपये का भुगतान किया जा चुका है एवं एक सौ बयालीस करोड़ रूपये का भुगतान किया जा रहा है।