CG : खेत में पड़ी मिली युवक की लाश, इलाके में फैली सनसनी
रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परासकोल में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब खेत में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अनिल कुमार चौहान, निवासी परासकोल के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रभात पटेल, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एफएसएल टीम, साइबर स्टाफ और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतक की बहन खुशबू चौहान ने बताया कि शनिवार शाम अनिल अपने एक दोस्त के साथ दूसरे गांव गया था, जहां खाना-पीना हुआ। रात करीब 9-10 बजे सड़क की ओर से हल्ला-गुल्ला सुनाई दिया, लेकिन परिवार ने ध्यान नहीं दिया। सुबह जब खेत में शव मिलने की खबर मिली तो मौके पर पहुंचकर देखा गया कि अनिल के पेट, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खरसिया अस्पताल भेजा गया है। खरसिया पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि हत्या की गुत्थी जल्द सुलझाई जा सके।