CG : दूसरे गांव के बंद कमरे में फंदे पर लटकी मिली युवती की लाश, उठे कई सवाल
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवती की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, जहां मल्हार की रहने वाली मल्लिका कुर्रे का शव उसके घर से लगभग सात किलोमीटर दूर ग्राम धनगंवा के एक मकान में फंदे पर लटका मिला। घटना का खुलासा तब हुआ जब धनगंवा के कोटवार ने पुलिस को सूचना दी कि चंदन लहरिया के घर के एक कमरे में एक युवती ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही मल्हार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो युवती का शव दुपट्टे के सहारे रोशनदान से लटका हुआ पाया गया।
पुलिस ने तत्काल पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, लेकिन इस घटना ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा संशय इस बात को लेकर है कि मल्हार के बाजारपारा की रहने वाली युवती आखिर किन परिस्थितियों में धनगंवा के उस विशेष मकान तक पहुंची और वहां ऐसा क्या हुआ कि उसे आत्मघाती कदम उठाना पड़ा। ग्रामीणों के बीच इस मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं और वे इसे महज आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और इस रहस्यमयी घटना के पीछे की सच्चाई का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।