महासमुंद : आत्मानंद कॉलेज में वार्षिकोत्सव, विदाई एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने जल्द ही नए भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन का दिया आश्वासन
महासमुंद। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, महासमुंद में वार्षिकोत्सव, प्रथम बैच बी.ए., बी.एससी. एवं बी. कॉम. के विद्यार्थियों के विदाई समारोह तथा वार्षिक पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय जनभागीदारी विकास समिति के अध्यक्ष श्री सतपाल सिंह पाली शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्रमुख प्राचार्य प्रो. डॉ. अनुसुइया अग्रवाल ने की।
इस अवसर पर जनभागीदारी विकास समिति के सदस्य कौशल्या बंसल, राधेश्याम ध्रुव, रितेश गोलछा, खुशाल ठाकुर, उत्तरा प्रहरे, राकेश श्रीवास्तव एवं अमन वर्मा सहित समस्त समिति सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा समूह नृत्य, एकल नृत्य, गीत, कविताएँ एवं भावनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने महाविद्यालयीन जीवन की स्मृतियों को साझा किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. डॉ. अनुसुइया अग्रवाल ने प्रथम बैच को महाविद्यालय का गौरव बताते हुए विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विशिष्ट अतिथि एवं जनभागीदारी विकास समिति के अध्यक्ष सतपाल सिंह पाली ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ ही संस्था की पहचान हैं और समिति महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर सहयोग करती रहेगी।
मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्रथम बैच भविष्य में महाविद्यालय का नाम रोशन करेगा। उन्होंने महाविद्यालय के लिए ग्राम परसट्ठी में शीघ्र ही नए भवन के निर्माण हेतु भूमिपूजन कर कार्य प्रारंभ करने का आश्वासन दिया। साथ ही शासन के नवीन बजट में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को करोड़ों रुपये तक के पुरस्कार प्रदान किए जाने की नीति की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष भर आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्टूडेंट ऑफ द ईयर अवार्ड अक्षांश त्रिवेदी एवं अन्यया यादव को प्रदान किया गया। मिस्टर एंड मिस फेयरवेल अवार्ड आदिल हसन नकवी एवं मानसी छत्री को, मिस्टर एंड मिस इवनिंग अवार्ड यश राज नायक एवं तोशिका सिन्हा को तथा मिस्टर एंड मिस बेस्ट परफॉर्मर अवार्ड एलिसन सागर एवं छायंगी चंद्राकर को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक महाविद्यालय छात्रसंघ प्रभारी अधिकारी रवि कुमार देवांगन (अर्थशास्त्र) रहे तथा कार्यक्रम का सफल संचालन श्री नितेश कुमार तिवारी (अतिथि व्याख्याता, गणित) द्वारा किया गया।
इस दौरान महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक प्रतिमा चंद्राकर (हिंदी), तरुण कुमार बांधे (वाणिज्य विभागाध्यक्ष), डॉ. ग्लेडिस एस. मैथ्यू (समाजशास्त्र), आलोक हिरवानी (कंप्यूटर साइंस), हरीशंकर नाथ (राजनीति विज्ञान), चित्रेश कुमार बरेठ (रसायन शास्त्र), माधुरी दीवान (वाणिज्य), कामाक्षी चंद्राकर (अंग्रेजी), खुशी वर्मा (भौतिकी), खुशबू (ग्रंथपाल), त्रिपेश कुमार साहू (क्रीड़ा अधिकारी), शेषनारायण साहू (लैब टेक्नीशियन), जगतारन बघेल (लैब टेक्नीशियन) एवं नानक साहू (कंप्यूटर ऑपरेटर) सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
उत्साह, उमंग एवं भावनात्मक वातावरण के बीच कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए स्मरणीय एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।