पिथौरा में गौमाता की जान बचाने में पशु चिकित्सकों की टीम सफल... - CG Sandesh

पिथौरा में गौमाता की जान बचाने में पशु चिकित्सकों की टीम सफल, 42 किलोग्राम प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थ निकाले गए।

विकासखंड पिथौरा अंतर्गत स्थित गोविंद कमला गौशाला, रानीसागर पारा में एक गौमाता की तबीयत गंभीर हो गई थी। बीते कुछ दिनों से वह खाना-पीना छोड़ चुकी थी, जिससे उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। गौशाला प्रबंधन द्वारा सूचना मिलने पर शासकीय पशु चिकित्सालय पिथौरा में पदस्थ पशु चिकित्सक डॉ. डी. एन. पटेल ने मौके पर पहुंचकर आज गाय का परीक्षण किया। जांच में पाया गया कि सम्भवतः गौमाता ने बड़ी मात्रा में प्लास्टिक एवं अन्य न पचने वाले अपशिष्ट पदार्थ निगल लिए थे, जिसके कारण उसकी हालत गंभीर हो गई थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल रूमेनोटॉमी (पेट का ऑपरेशन) करने का निर्णय लिया। डॉ. डी. एन. पटेल के नेतृत्व में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री गोपाल भोई, डॉ. विपिन, भेखू सिन्हा (वेट एवं पैरावेट एमवीयू), राजूराम क्षत्रिय (पी.ए.आई.डब्ल्यू.) एवं पशु परिचारक विष्णु साहू की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान गाय के पेट से लगभग 42 किलोग्राम प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थ निकाले गए। समय पर उपचार और टीम के समर्पण से यह जटिल शल्यक्रिया सफल रही। वर्तमान में गौमाता पूरी तरह सुरक्षित है और खतरे से बाहर बताई जा रही है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें