रायपुर–बिलासपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, 5 बस यात्रियों की मौत, कई घायल
रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर सिमगा के पास आज करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि इस घटना में तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक यात्री बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी जिससे बस अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे जाकर पलट गई.
यह हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए, इस दुर्घटना में 5 से अधिक लोगों के मौत की खबर बताई जा रही है, जबकि दर्जनभर से अधिक यात्रीयों के घायल होने की खबर है.
जानकारी के अनुसार रायपुर बस सर्विस की यात्री बस रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी, सुबह करीब सवा 11 बजे सिमगा से लगभग 10 किलोमीटर आगे दरचुरा मोड़ के पास यह हादसा हो गया, जिसमे पीछे से आ रहे ट्रेलर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बस हाईवे से नीचे उतरकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसे में दो पुरुष, दो बच्चे और एक महिला समेत 5 से अधिक लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है. वहीं दर्जनभर से ज्यादा यात्री घायल होना बताये जा रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. सभी घायलों को उपचार के लिए सिमगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.