news-details

CG : होली पर मदिरा प्रेमियों ने बनाया नया रिकॉर्ड, रायपुर में इतने करोड़ का शराब पी गए लोग

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होली के मौके पर मदिरा प्रेमियों ने जमकर जाम छलकाए। इसी का नतीजा है कि इस साल शराब बिक्री ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया। होली के दौरान महज चार दिनों में रायपुर जिले में करीब 58 करोड़ 10 लाख रुपए की शराब की बिक्री हुई, जिससे शासन को भारी राजस्व प्राप्त हुआ।

पिछले साल से ज्यादा हुई बिक्री

रायपुर में इस बार होली के दौरान शराब की बिक्री ने वर्ष 2025 का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। पिछले साल होली के मौके पर चार दिनों में करीब 57 करोड़ 19 लाख रुपए की शराब बिकी थी, जबकि इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 58 करोड़ 10 लाख 33 हजार 200 रुपए तक पहुंच गया। यानी पिछले साल की तुलना में करीब एक करोड़ रुपए से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

 


1 से 5 मार्च तक की बिक्री

होली के आसपास के दिनों में शराब दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। आंकड़ों के मुताबिक बिक्री इस प्रकार रही—

1 मार्च 2026: 12 करोड़ 11 लाख 28 हजार 110 रुपए

2 मार्च 2026: 15 करोड़ 94 लाख 4 हजार 40 रुपए

3 मार्च 2026: 21 करोड़ 73 लाख 18 हजार 920 रुपए

5 मार्च 2026: 8 करोड़ 31 लाख 82 हजार 130 रुपए

इस तरह चार दिनों में कुल 58 करोड़ 10 लाख 33 हजार 200 रुपए की शराब की बिक्री दर्ज की गई।

शासन को मिला अच्छा राजस्व

होली के त्योहार पर हुई इस भारी बिक्री से राज्य शासन को भी अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है। जानकारी के अनुसार रायपुर जिले में वर्तमान में 78 देशी और विदेशी शराब दुकानें संचालित हो रही हैं। त्योहारों और खास मौकों पर इन दुकानों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, जिससे शराब की बिक्री में तेजी आती है और सरकार की आय भी बढ़ती है।

न्यू ईयर पर भी टूटा था रिकॉर्ड

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में नए साल के मौके पर भी शराब की बिक्री ने पिछले साल का रिकॉर्ड पार कर दिया था। वर्ष 2025 में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को क्रमशः 46 करोड़ और 50 करोड़ रुपए की शराब बिकी थी, जबकि इस बार 31 दिसंबर को 53 करोड़ और 1 जनवरी को करीब 49 करोड़ रुपए की बिक्री हुई। इस तरह दो दिनों में कुल बिक्री 102 करोड़ रुपए से अधिक पहुंच गई थी।











अन्य सम्बंधित खबरें