CG : डेटिंग वेबसाइट से दोस्ती, फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर... - CG Sandesh

CG : डेटिंग वेबसाइट से दोस्ती, फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, 9 लाख भी ठगे, मामला दर्ज

बिलासपुर। जिले के तोरवा थाना क्षेत्र से रिश्तों में धोखे और आर्थिक ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक जालसाज ने युवती को शादी और नौकरी दिलाने का झांसा देकर न केवल शारीरिक शोषण किया, बल्कि उससे करीब 9 लाख रुपये और जेवरात भी ठग लिए।

मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी पीड़िता की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले आरोपी पवन यादव से एक डेटिंग वेबसाइट के जरिए हुई थी। दोस्ती गहरी होने पर आरोपी ने युवती को मिलने के लिए बिलासपुर के तोरवा स्थित एक होटल में बुलाया, जहाँ उसने शादी का अटूट भरोसा दिलाकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी की नीयत और खराब हो गई और उसने पीड़िता को ऊंचे पद पर नौकरी लगवाने का लालच देकर झांसे में ले लिया। नौकरी के नाम पर उसने अलग-अलग किस्तों में युवती से 9 लाख रुपये की नकद राशि और उसके कीमती जेवरात हड़प लिए। काफी समय बीत जाने के बाद जब न तो नौकरी लगी और न ही आरोपी ने शादी की बात आगे बढ़ाई, तब युवती को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।

 

जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे और शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार करते हुए उसे अधर में छोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पवन यादव के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। एडिशनल एसपी पंकज पटेल के अनुसार, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें