महासमुंद : बिहान योजना से सशक्त हुई दीदी पूर्णिमा
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड पिथौरा के ग्राम पंचायत परसापाली की पूर्णिमा दीदी आत्मनिर्भर होकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनी है।
पूर्णिमा दीदी बताती है कि समूह से जुड़ने से पहले वे एक गृहिणी थीं और उनके पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी तथा नियमित आय का कोई उचित जरिया उपलब्ध नहीं था। ऐसे में परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करना चुनौतीपूर्ण था।
वे बताती है कि बिहान अंतर्गत विकासखंड पिथौरा में सीआरपी चक्र के दौरान ग्राम परसापाली में महिलाओं को संगठित कर स्व सहायता समूह गठन की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी क्रम में विभिन्न आजीविका गतिविधियों में रुचि रखने वाली महिलाओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 10 महिलाओं ने मिलकर दिनांक 04 अप्रैल 2024 को एक स्व सहायता समूह का गठन किया। इस समूह का नाम मेघावी स्व सहायता समूह रखा गया।
समूह की सर्वसम्मति से सोहद्रा को अध्यक्ष, सावित्री ठाकुर को सचिव तथा पूर्णिमा दीदी को कोषाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी दी गई। समूह के नियमित बैठकों, बचत एवं प्रशिक्षण के माध्यम से समूह की परिपक्वता विकसित हुई। इसके पश्चात जिला पंचायत द्वारा समूह को रिवॉल्विंग फंड के रूप में 15,000 रुपए तथा कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड के रूप में 60,000 रुपए प्रदान किए गए। साथ ही बैंक से 1.50 लाख रुपए का ऋण भी उपलब्ध कराया गया।
प्राप्त आर्थिक सहयोग का सदुपयोग करते हुए पूर्णिमा दीदी ने अपने गांव में फैंसी एवं फ्रुट सेंटर शुरू किया। वे बताती है कि इस व्यवसाय के माध्यम से अब उन्हें नियमित आय प्राप्त होने लगी है। इस कार्य में उनके परिवार के अन्य सदस्य भी सहयोग करते हैं, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। आज पूर्णिमा दीदी आत्मनिर्भर होकर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। स्व सहायता समूह की सभी सदस्याएं बताती हैं कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उनमें आपसी सामंजस्य, सहयोग की भावना और आत्मविश्वास बढ़ा है। समूह के माध्यम से वे संगठित होकर कार्य कर रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बना रही हैं। समूह की सभी महिला सदस्यों ने योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राज्य शासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।