महासमुंद : 4 वर्षीय नन्हा रियांश अब सुन सकेगा, कलेक्टर ने स्पीच थेरेपी के लिए स्वास्थ्य विभाग को किया निर्देशित
कलेक्टर विनय लंगेह ने आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान 4 वर्षीय रियांश साहू (महासमुंद) के परिजनों ने बच्चे के श्रवण एवं स्पीच थेरेपी हेतु सहायता का आवेदन प्रस्तुत किया। बताया गया कि रियांश को सुनने में समस्या है तथा 3 वर्ष पूर्व मेकाहारा में उसका ऑपरेशन भी हो चुका है।
इस पर कलेक्टर लंगेह ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक जांच एवं समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि उचित इलाज के माध्यम से रियांश को सुनने में मदद मिल सकेगी। इससे नन्हा रियांश जल्दी ही अपने कानों से सुन सकेगा।
इसी प्रकार दिव्यांग पूनम पटेल द्वारा मानस मंडली में पंजीयन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी तरह महासमुंद निवासी सुभद्रा बाई ने झुग्गी झोपड़ी का पट्टा दिलाने हेतु, ग्राम बेलर निवासी हेमलाल ध्रुव ने सड़क निर्माण हेतु, महासमुंद निवासी हेमंत चंद्राकर एवं ग्राम मुनगासेर निवासी राधेश्याम बंजारा ने अतिक्रमण हटाने, ग्राम बिरकोनी निवासी जामनी बाई ने राशन कार्ड बनवाने, ग्राम बड़े टेमरी सांकरा निवासी श्यामलाल भोई ने वन अधिकार पट्टा दिलाने, पिथौरा निवासी सुरेंद्र बरिहा ने मत्स्य पालन हेतु अनुमति के लिए, ग्राम खरोरा निवासी श्यामलाल नौरंगे ने वृद्धावस्था पेंशन के लिए एवं ग्राम सोनासिल्ली के ग्रामवासियों ने राजस्व ग्राम घोषित करने हेतु आवेदन किया।
कलेक्टर लंगेह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करें तथा आवेदकों को समय पर राहत प्रदान करें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।