महासमुंद जिले में 60 करोड़ लीटर जल संरक्षण के कार्य स्वीकृत - CG Sandesh

महासमुंद जिले में 60 करोड़ लीटर जल संरक्षण के कार्य स्वीकृत

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यों को प्राथमिकता देते हुए ग्राम पंचायतों में मांग के आधार पर श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हेमंत रमेश नंदनवार के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों में इन कार्यों का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

जिला महासमुंद के विकासखंड बसना में मिशन जल संरक्षण के अंतर्गत कंटूर ट्रेंच, सतत कंटूर ट्रेंच, जल अवशोषण खंती, गेबियन संरचना, डाइक निर्माण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, कुआं निर्माण, निजी आजीविका डबरी, कच्ची नाली, नया तालाब निर्माण, तालाब गहरीकरण, डिफंक्ट बोरवेल रिचार्ज तथा नाला डिसिल्टिंग के 7493 कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

इसी प्रकार जनपद पंचायत बागबाहरा, महासमुन्द, पिथौरा एवं सरायपाली में जल संरक्षण से जुड़े 37,640 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन सभी कार्यों के पूर्ण होने पर जिले में लगभग 60 करोड़ लीटर जल संरक्षण एवं संवर्धन होगा। इसके अलावा जिले में 1016 आजीविका डबरी निर्माण कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं, जिनसे लगभग 23 करोड़ लीटर जल संरक्षण एवं संवर्धन हो सकेगा।

निर्मित आजीविका डबरियों से हितग्राहियों को आजीविका संवर्धन से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय करने के निर्देश भी सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए गए हैं।

इन सभी कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जा सके और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध हो सके।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें