news-details

महासमुंद : भीथीडीह एवं सोनासिल्ली के कमार परिवारों का शत प्रतिशत निवास प्रमाण पत्र बना

मुख्य धारा से जुड़कर हो रहे लाभान्वित

दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों के लिए शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करना अक्सर आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में चुनौतीपूर्ण रहा है। इसी कड़ी में जिले में पीएम-जनमन अभियान के अंतर्गत आदिम जाति विकास विभाग द्वारा कमार समुदाय के लोगों को जाति एवं निवास प्रमाण पत्र उपलब्ध कराकर उन्हें उनके अधिकारों से जोड़ा गया।
विभाग द्वारा कमार पीव्हीटीजी समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए ग्राम भीथीडीह एवं सोनासिल्ली में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। 

इन शिविरों के माध्यम से समुदाय के लोगों को उनके मूल अधिकारों से जोड़ते हुए प्राथमिकता के आधार पर जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाए गए। दोनों ग्रामों में कुल 184 पीव्हीटीजी आबादी निवासरत है, जिनमें से सभी 184 व्यक्तियों के निवास प्रमाण पत्र सफलतापूर्वक बनाए गए, जिससे उनकी पहचान शासकीय अभिलेखों में सुनिश्चित हो सकी। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों में से 138 व्यक्तियों के जाति प्रमाण पत्र भी जारी किए गए, शेष प्रकरण पैतृक वंशावली में नाम दर्ज नहीं होने के कारण लंबित हैं, जिनके निराकरण की कार्यवाही विभाग द्वारा की जा रही है।

इन प्रमाण पत्रों के प्राप्त होने से समुदाय के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन परिलक्षित हो रहा है। अब बच्चों को शासकीय छात्रवृत्ति एवं उच्च शिक्षा में आरक्षण का लाभ सहजता से प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी शैक्षणिक प्रगति सुनिश्चित हो रही है। वहीं परिवारों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, स्वरोजगार कार्यक्रमों एवं अनुदान का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है। युवाओं के लिए शासकीय सेवाओं एवं विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं में सम्मिलित होने का मार्ग भी अब प्रशस्त हो गया है, जिससे उनके भविष्य के प्रति नई आशा और आत्मविश्वास विकसित हुआ है। पीएम-जनमन अभियान ने उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भरता एवं सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया है। इसके लिए सभी कमार परिवार ने केन्द्र एवं राज्य शासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।


अन्य सम्बंधित खबरें