महासमुंद जिले में एल पी जी गैस की सतत उपलब्धता जारी, बुकिंग हेतु नंबर जारी
कलेक्टर ने सतत निगरानी हेतु राजस्व और खाद्य विभाग की दल गठित की
जिले में एलपीजी गैस सिलेण्डर की उपलब्धता एवं वितरण के संबंध में जिला प्रशासन एवं विभाग द्वारा लगातार सतत् मॉनिटरिंग की जा रही है। वर्तमान में जिले में कुल 17 गैस एजेंसियां संचालित है जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराई जा रही है। कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश में विभाग द्वारा जिले के गैस एजेंसियों को बैठक में निर्देशित किया गया है कि जो हितग्राही गैस सिलेण्डर लेने आ रहे हैं उन्हें बुकिंग ऑर्डर के आधार पर प्राथमिकता के तौर पर उनको गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराएं। जिला प्रशासन द्वारा जिलें में गैस सिलेण्डर की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु ऑयल कंपनी से लगातार समन्वय कर गैस सिलेण्डर की उपलब्धता सुनिश्चित किया जा रहा है।
कस्टमर के बुकिंग करने की समस्या आ रही है के संबंध में ऑयल कंपनी द्वारा भी उपभोक्ताओं के एलपीजी सिलेण्डर बुकिंग हेतु जारी नंबर के साथ-साथ अन्य अतिरिक्त नंबर जारी इंडियन ऑयल कंपनी द्वारा नंबर-8927225667 और 8391990070 जारी किया गया है, जिसमें जाकर उपभोक्ता अपना गैस बुकिंग करा सकते हैं। सिलेण्डर की सुचारू रूप से डिलीवरी के संबंध में सभी गैस एजेंसियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के माध्यम से समन्वय कराकर वितरण कराया जा रहा है। ऐसे उपभोक्ता जो स्वयं गैस एजेंसी / गोदाम में आकर गैस सिलेण्डर प्राप्त करते हैं उन्हें डिलीवरी चार्ज देने की आवश्यकता नहीं है। इस संबंध में सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है।
गैस एजेंसियों के डिमांड के आधार पर ऑयल कंपनी द्वारा लगातार गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं को डिलीवरी हेतु निर्धारित समयावधि के अंदर ही उपभोक्ताओं को डिलीवरी हो यह सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में गैस सिलेण्डर की उपलब्धता एवं सुचारू वितरण की नियमित निगरानी एवं मॉनिटरिंग हेतु जिला स्तरीय नोडल अधिकारी सहायक खाद्य अधिकारी श्री मनीष यादव को नियुक्त किया गया है तथा विकासखंड स्तर पर राजस्व एवं खाद्य विभाग का दल गठित किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा हितग्राहियों से अपील की जाती है कि वे गैस सिलेण्डर में कमी संबंधी भ्रम, अपवाहों को ध्यान न दें तथा भ्रम में आकर अनावश्यक लाईन में लगने अथवा घरों में सिलेण्डरों की स्टॉक जमा करने की आवश्यकता नहीं है एवं आवश्यकता पड़ने पर ही गैस की बुकिंग कराकर गैस सिलेण्डर प्राप्त कर सकते हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें