CG : घर में खेलते-खेलते 7 फीट गहरे पानी टंकी में गिरने से डे... - CG Sandesh

CG : घर में खेलते-खेलते 7 फीट गहरे पानी टंकी में गिरने से डेढ़ साल के मासूम की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डेढ़ साल का एक मासूम खेलते-खेलते अपने घर के पानी टंकी में गिर गया, जिसमें डूबने से उसकी मौत हो गई। यह घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, रोहित साहू अपने परिवार के साथ अमलीडीही स्थित महात्मा गांधी नगर गली नंबर 1 में रहता है। रविवार को वो और उसकी पत्नी काम पर गए थे। रोहित का डेढ़ साल का बेटा अपनी दादी के साथ घर पर अकेला था। नहलाने के बाद दादी पोता को तैयार कर रही थी और जब वह किसी काम से घर के अंदर गई, तो मासूम गायब हो गया।

 

पोता दिखाई नहीं देने पर दादी ने उसकी तलाश शुरु की और पड़ोसियों से पूछताछ की। खोजबीन के बाद भी जब मासूम कहीं दिखाई नहीं दिया, तो उसने बच्चा चोरी के शक में डायल 112 को इसकी जानकारी दी और बच्चे की तलाश शुरु की, जिसके बाद एक पड़ोसी ने शक के आधार पर घर के पोर्च में बने 7 फीट के पानी टंकी में बच्चे की तलाश की तो वह मिल गया। इसके बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृत बच्चे की दादी ने कहा कि उनका घर अभी बन रहा है इसलिए टंकी पूरी तरह से बंद नहीं थी। आमतौर पर टंकी को पाटे से ढककर उस पर ईंट रख देते थे। घटना वाले दिन बाहर पेंटिंग का काम चल रहा था और पेंटरों ने पानी निकालने के लिए ढक्कन हटाकर उसे खुला छोड़ दिया था। इसी वजह से ये हादसा हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही राजेंद्र नगर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि बच्चे की मौत घर के पोर्च में बने 7 फीट के पानी टंकी में गिरकर हुई है। शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें