CG : महामाया मंदिर में नवरात्रि की भीड़ का फायदा उठाकर पॉकेटमारी करती महिला गिरफ्तार, दो वारदातों को दे चुकी थी अंजाम
बिलासपुर। नवरात्रि के दौरान रतनपुर स्थित महामाया मंदिर में बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर पॉकेटमारी करने वाली एक शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला नवरात्रि के दौरान दर्शन के लिए उमड़ रही भीड़ में शामिल होकर श्रद्धालुओं को निशाना बनाती थी। वह पहले भी दो पॉकेटमारी की घटनाओं को अंजाम दे चुकी थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर महिला की पहचान हुई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी महिला का नाम गौरी बताया जा रहा है, जो अकलतरा क्षेत्र के पिपरसत्ती की रहने वाली है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।