महासमुंद : मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण इकाई में छात्रों ने ... - CG Sandesh

महासमुंद : मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण इकाई में छात्रों ने लिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

24 मार्च 2026 को कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांपा, महासमुंद (जिला–महासमुंद) के लगभग 55 छात्र-छात्राओं द्वारा शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत ग्राम लिंगाडीह, आरंग (जिला–रायपुर) स्थित दाऊजी मखाना प्रोसेसिंग एवं प्रोडक्शन यूनिट का भ्रमण किया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्हें मखाना की खेती से संबंधित तकनीकी पहलुओं जैसे—उपयुक्त जलवायु, खेत/तालाब की तैयारी, उन्नत बीज चयन, बुवाई की विधि, जल प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण, खाद एवं उर्वरक प्रबंधन तथा कटाई उपरांत प्रसंस्करण की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विद्यार्थियों को मखाना के भंडारण, ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग की प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया।

यूनिट में संजय नामदेव जी द्वारा छात्रों को मखाना उत्पादन की आधुनिक तकनीकों, गुणवत्ता नियंत्रण, मूल्य संवर्धन (Value Addition) तथा विपणन प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्होंने मखाना आधारित उद्यम स्थापित करने के व्यावहारिक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न यंत्रों एवं उपकरणों के संचालन को देखा तथा उत्पादन से लेकर बाजार तक की संपूर्ण प्रक्रिया को समझा। इससे विद्यार्थियों में कृषि के प्रति व्यावसायिक दृष्टिकोण विकसित हुआ एवं उन्हें कृषि आधारित उद्योगों की संभावनाओं का ज्ञान हुआ।

शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उन्हें कृषि आधारित स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता करते हुए विशेषज्ञों से प्रश्नोत्तर के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

इस अवसर पर मार्गदर्शन हेतु डॉ. ओकेश चंद्राकर, डॉ. शांता साहू तथा डॉ. आदित्य शुक्ला उपस्थित रहे।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें