news-details

CG : शादी का झांसा देकर किराए के मकान में दैहिक शोषण, फरार आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आशीष मसीह (25) निवासी सागर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 4 जुलाई 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से आरोपी से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि आरोपी ने 11 मार्च से 15 मई 2025 के बीच पीड़िता के किराए के मकान में आकर शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इंकार कर फरार हो गया।

 

मामले में धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपी घटना के बाद से फरार था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी की लोकेशन गुजरात के अहमदाबाद में ट्रेस की।

इसके बाद पुलिस टीम को अहमदाबाद भेजा गया, जहां घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। रायपुर लाकर पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को 25 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


अन्य सम्बंधित खबरें