CG : तालाब में नहाने के दौरान युवक की मौत
बिलासपुर। न्यायधानी के कोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम घुटकू में तालाब में नहाने गया एक युवक असमय काल के गाल में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, घुटकू निवासी 36 वर्षीय अमित लोनिया रोज की तरह गांव के तालाब में नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान पैर फिसलने या अंदाजा न मिल पाने की वजह से अमित तालाब की गहराई में चला गया।
गहरे पानी में फंसने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते पानी में डूब गया। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते और उसे बचाने की कोशिश करते, अमित काफी देर तक पानी के अंदर ही रहा। आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।