news-details

नया रायपुर में शुरू हुई उन्नत रोबोटिक तकनीक, बेहतर तरीके से होगी कैंसर की सर्जरी

कैंसर का इलाज अक्सर लंबा, जटिल और परेशान करने वाला होता है, खासकर तब जब मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़े। लेकिन, अब मध्य भारत के मरीजों के लिए राहत की खबर है, वह यह कि उन्नत इलाज अब उनके अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होने जा रहा है।

वेदांता के बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) ने दा विंची एक्सआई (Xi) रोबोटिक सर्जरी सिस्टम की शुरुआत की है, जिससे यह मध्य भारत का पहला निजी अस्पताल बन गया है, जहाँ यह सुविधा उपलब्ध है। इस तकनीक की खास बात यह है कि इसमें छोटे चीरे लगते हैं, रक्तस्राव कम होता है और मरीज जल्दी ठीक होकर घर लौट सकता है।

यह रोबोटिक सिस्टम सर्जन्स को ज्यादा सटीकता और नियंत्रण के साथ जटिल सर्जरी करने में मदद करता है। हाई- डेफिनिशन 3डी विज़न और स्थिरता के साथ सर्जरी करना आसान हो जाता है, जिससे मरीज का अनुभव भी बेहतर होता है।

बीएमसी के हेड- सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, डॉ. दिवाकर पांडेय ने कहा, "इस तकनीक के आने से हम जटिल कैंसर सर्जरी और बेहतर तरीके से कर पाएंगे, साथ ही मरीजों के अंगों को सुरक्षित रखने पर भी ज्यादा ध्यान दे सकेंगे।"

वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने इसे एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इससे संस्थान को कैंसर उपचार के क्षेत्र में और मजबूती मिलेगी।

बालको के सीईओ राजेश कुमार ने कहा कि अब मरीजों को इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत कम होगी, जिससे उनका समय, पैसा और मानसिक दबाव, तीनों कम होंगे।

अब तक 12,000 से ज्यादा सर्जरी कर चुका बीएमसी, इस नई तकनीक के साथ मरीजों को ज्यादा सटीक, सुरक्षित और जल्दी रिकवरी वाला इलाज देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।


अन्य सम्बंधित खबरें