सरायपाली : भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा विकासखण्ड स्तरीय पुरस्कार वितरण एवं शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित
गायत्री शक्तिपीठ सरायपाली में विकासखण्ड स्तर पर आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा (2025-26) में ब्लॉक स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों के लिए पुरस्कार वितरण एवं शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ आदि शक्ति मां गायत्री के पूजन वंदन, दीप प्रज्ज्वलन, परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा के स्वर में समूह साधना एवं सत्संकल्प पाठ के साथ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संध्या भोई प्राचार्य,स्व. वीरेंद्र बहादुर शासकीय महाविद्यालय सरायपाली रहीं तथा अध्यक्षता बोध राम साहू जिला समन्वयक, प्रमुख ट्रस्टी गायत्री परिवार महासमुंद ने किया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में टी .सी. पटेल विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली, सी.एल.पुहूप प्राचार्य शासकीय उ. मा. वि.केजुआं, पूर्णानंद मिश्रा सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी पिथौरा, डां. चंद्रिका चौधरी सहायक प्राध्यापक स्व. वीरेंद्र बहादुर कॉलेज सरायपाली, देवानंद नायक बी.आर.सी. सरायपाली, भारत सिंह साहू जिला संयोजक भा.सं. ज्ञान परीक्षा महासमुंद, एवं नरेश साहू जिला समन्वयक युवा प्रकोष्ठ महासमुंद ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। जिला संयोजक भारत सिंह साहू द्वारा भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के संदर्भ में सविस्तार प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के बीच संगीत टोली द्वारा प्रस्तुत प्रज्ञा गीत विषेश आकर्षण का केंद्र रहा ।
इस अवसर पर विकासखण्ड के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों से चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों से आए आदरणीय संस्था प्रमुखों, प्रभारी शिक्षक शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया तथा नियमित अध्ययन के साथ नैतिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं अभिभावकों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की परीक्षाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होंगे।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। जिला समन्वयक युवा प्रकोष्ठ नरेश साहू द्वारा इस अवसर पर नशा मुक्ति संकल्प पाठ कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गायत्री परिजन, पुरस्कृत बच्चों के पालकगण विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधान पाठक, शिक्षक शिक्षिकाएं एवं परीक्षा संचालन समिति के पदाधिकारी, सक्रिय सदस्य गण उपस्थित रहे। अंत में शांति पाठ एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में गायत्री शक्तिपीठ के समस्त परिजनों का सराहनीय योगदान रहा। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।