news-details

CG : प्रेमी - प्रेमिका के बीच हुई एक्स की वापसी, आरोपियों ने हत्या कर दफना दी लाश, 5 गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने भरेंगाभाठा गांव के पास मुरूम खदान में दफन मिले युवक नितेश बत्रा की मौत की गुत्थी सुलझा ली है।

क्या था पूरा मामला?

21 मार्च को सड़क किनारे एक गड्ढे में एक शव मिलने की खबर ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के भी होश उड़ा दिए रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने और जिंदा दफनाने की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान माना निवासी नितेश बत्रा के रूप में हुई, जो कुछ दिनों से लापता था।

लव ट्रायंगल का खेल

जैसे-जैसे पुलिस जांच आगे बढ़ी, वैसे-वैसे एक लव ट्रायंगल की खौफनाक हकीकत सामने आने लगी। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन मामला ये था कि मृतक नितेश भी सावित्री से पहले संबंध में रह चुका था। सावित्री अब नितेश से पीछा छुड़ाना चाहती थी और उसकी मौजूदगी उसे परेशान कर रही थी।

हत्या की खौफनाक रात

16 मार्च की रात, सावित्री के घर पर नितेश और श्याम के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते बहस ने हिंसा का रूप ले लिया। श्याम ने लकड़ी से नितेश पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, सावित्री ने भी श्याम को उकसाया। फिर, अन्य आरोपियों को बुलाकर नितेश की जमकर पिटाई की गई।

 






सबूत मिटाने की साजिश

पिटाई के बाद आरोपियों ने नितेश को ऑटो में बैठाकर अलग-अलग जगहों पर घुमाया। उसकी स्कूटी को एक पुलिया के नीचे फेंक दिया ताकि लगे कि कोई दुर्घटना हुई है। लेकिन उनकी दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। वे नितेश को एक सुनसान इलाके में ले गए और वहां उसका गला दबा दिया। जब वह अधमरी हालत में था, तो उन्होंने उसे मुरूम खदान में जिंदा दफन कर दिया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की और 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी, सावित्री साहू, सुमित कोसले और दो नाबालिग शामिल हैं। एक आरोपी, माईकल सैनी, अभी भी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी के खिलाफ पहले से ही पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल ऑटो, लकड़ी और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं।


अन्य सम्बंधित खबरें